लखनऊ , मई 11 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुये कहा कि देश की आर्थिक और सामाजिक स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है, लेकिन सरकार जनता को गुमराह करने में लगी हुई है।
श्री राय ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विदेशी मुद्रा भंडार, क्रूड ऑयल और महंगाई जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार देश की सच्चाई सामने ला रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उन्हें झूठा साबित करने का प्रयास करती रही है।
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लोगों से एक साल तक गहने नहीं खरीदने की अपील पर बिफरते हुये उन्होने कहा कि देश में इस समय बेटियों की शादियां हो रही हैं और ऐसे समय में इस तरह के बयान देना जनता की भावनाओं के खिलाफ है। आज प्रधानमंत्री जनता को सोना न खरीदने की सलाह दे रहे हैं, जबकि खुद सरकार फिजूलखर्ची कर रही है। प्रधानमंत्री और मंत्रियों को अपने गाड़ियों के काफिले कम करने चाहिए और जनता के सामने उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार से सरकारी खर्च और बढ़ गया है, जबकि जनता के टैक्स के पैसे से डीजल-पेट्रोल खर्च किया जा रहा है। श्री राय ने तंज कसते हुए कहा कि अगर रोड शो करना है तो रिक्शे पर बैठकर किया जाए, बड़े-बड़े काफिलों की जरूरत नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित