कुचामन सिटी , फरवरी 18 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले करीब साढ़े 11 वर्षों में रेलवे के विस्तार एवं आधुनिकीकरण को नयी गति मिली है तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के सैकड़ों रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय स्थापत्य कला का समावेश करते हुए आधुनिक सुविधाएं और उन्नत तकनीक उपलब्ध कराई जा रही हैं।
श्री चौधरी बुधवार को डीडवाना-कुचामन जिले में कुचामन सिटी रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित "रामेश्वरीदेवी कल्याणचन्द मंत्री रेल यात्री विश्रामालय" के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व की अग्रणी पंक्ति में स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह विश्रामालय कुचामन विकास समिति द्वारा रेल यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्ण समर्पण एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ निर्मित कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह विश्रामालय यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित ठहराव की सुविधा प्रदान करेगा तथा कुचामन सिटी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने विश्रामालय भवन को सेवा-भाव का सशक्त उदाहरण बताते हुए कहा कि जनसेवा ही हमारा संकल्प है और किसानों, यात्रियों और आमजन की सुविधा के लिए केंद्र सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संत गोविन्ददेव गिरी महाराज के सान्निध्य में विश्रामालय का उद्घाटन संपन्न हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित