अमृतसर , मई 25 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर सोमवार को तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां किसान विरोधी, पंजाब विरोधी और आम जनता विरोधी हैं, जिनके कारण देश आर्थिक गुलामी की ओर बढ़ रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान श्री धालीवाल ने कहा कि उन्होंने पहले ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका जताई थी, जो अब सही साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की अंतरराष्ट्रीय व्यापार नीतियां और बड़े कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने वाले फैसले ही महंगे ईंधन की असली वजह हैं।

श्री धालीवाल ने कहा कि एक ओर किसानों को फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में मामूली बढ़ोतरी दी जाती है, वहीं दूसरी ओर डीजल की कीमतों में भारी इजाफा कर खेती की लागत बढ़ा दी जाती है। उन्होंने कहा कि महंगे ईंधन का सीधा असर सब्जियों, जरूरी वस्तुओं और परिवहन खर्च पर पड़ेगा, जिससे आम और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है और किसान, मजदूर तथा छोटे व्यापारी सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए श्री धालीवाल ने दावा किया कि जनता अब भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी। उन्होंने पंजाब के लोगों से भाजपा को वोट न देने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा को वोट देने का मतलब महंगे पेट्रोल और डीजल का समर्थन करना है।

भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए श्री धालीवाल ने कहा कि भाजपा नेता केवल मूल्य वर्धित कर (वैट) कम करने की बात करते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि केंद्र सरकार ने ईंधन पर कितना भारी टैक्स लगाया हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि तेल कंपनियों और केंद्र सरकार की नीतियों के कारण जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित