नयी दिल्ली , जून 11 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने किसानों की समृद्धि और कृषि आत्मनिर्भरता के दावे करने को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की आलोचना की है और सवाल किया है कि अगर मोदी सरकार की नीतियां इतनी ही सफल रही, तो देशभर में किसान फसलों के उचित मूल्य, बढ़ती कृषि लागत, कर्ज के बोझ और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष क्यों कर रहे हैं।

डॉ. नरेश कुमार गुरुवार को यहां श्रीमती गुप्ता के उस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान किसानों की समृद्धि और कृषि आत्मनिर्भरता के दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि मोदी सरकार के 12 वर्षों में बीज से बाजार तक की नीतियां वास्तव में इतनी सफल रही हैं, तो फिर देशभर में किसान परेशान क्यों हैं।

उन्होंने कहा कि 2016 में प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और उनकी वास्तविक आय आधी हो गयी है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों के दौरान सरकारी नीतियों से निराश होकर लगभग 55 हजार किसान आत्महत्या कर चुके हैं, जो किसानों की बदहाल स्थिति का स्पष्ट प्रमाण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित