नयी दिल्ली , जुलाई 31 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को आंध्र प्रदेश और कर्नाटक की यात्रा पर जाएंगे। वह आन्ध्र प्रदेश में 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उद्घाटन करेंगे और लोकार्पण करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि श्री मोदी शनिवार सुबह आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के यात्री टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे और भोगपुरम में 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उद्घाटन करेंगे और लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर वह एक सभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री कर्नाटक के मैसूरु स्थित श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र-विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के अंतर्गत 5,640 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। इस ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे को प्रति वर्ष 60 लाख यात्रियों को संभालने के लिए तैयार किया गया है।
यात्री टर्मिनल भवन को भी आधुनिक, सुगम और कुशल यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। हवाई अड्डे में उन्नत बुनियादी ढांचा, अत्याधुनिक तकनीकें और दीर्घकालिक विशेषताएं शामिल हैं ताकि परिचालन दक्षता को बढ़ाया जा सके और भविष्य की विमानन आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। टर्मिनल को हरित भवन मानकों के अनुसार डिजाइन किया गया है और यह यूएस ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (यूएसजीबीसी) में पंजीकृत है।
हवाई अड्डे का वास्तुशिल्प डिज़ाइन आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है। टर्मिनल की छत का आकार पारंपरिक चुट्टिलू झोपड़ियों और अरकु घाटी के परिदृश्यों को दर्शाता है, जबकि इसका प्रवाहमय रूप उड़ती हुई मछली की मनमोहक गति का प्रतीक है, जो क्षेत्रीय वास्तुशिल्प विशेषताओं को समकालीन हवाई अड्डे के डिज़ाइन के साथ मिश्रित करता है। उम्मीद है कि इस हवाई अड्डे से आंध्र प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में हवाई संपर्क मजबूत बनेगा।
प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम में 460 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से विकसित की जा रही एएसआईपी सेमीकंडक्टर परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इस संयंत्र का विकास एएसआईपी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दक्षिण कोरिया की एपीएसीटी के साथ साझेदारी में किया जा रहा है। यह आंध्र प्रदेश का पहला सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र है जिसे भारत सेमीकंडक्टर मिशन के अंतर्गत स्वीकृति मिली है। यह संयंत्र प्रतिवर्ष लगभग 9 करोड़ 60 लाख सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन करेगा और उच्च-कुशल रोजगार के अवसर पैदा करेगा, साथ ही सेमीकंडक्टर विनिर्माण को समर्थन देने के लिए एक मजबूत सहायक इकोसिस्टम को बढ़ावा देगा।
प्रधानमंत्री कुरनूल-IV नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र (आरईएच) के एकीकरण के लिए ट्रांसमिशन सिस्टम- चरण-I (4.5 गीगावाट) की आधारशिला रखेंगे, जिसे पावरग्रिड द्वारा एक विशेष प्रयोजन वाहन (एसपीवी) के माध्यम से लगभग 5,550 करोड़ रुपए के निवेश के साथ कार्यान्वित किया जा रहा है।
श्री मोदी लगभग 3,550 करोड़ रुपये की लागत से कार्यान्वित कुरनूल पवन ऊर्जा क्षेत्र/सौर ऊर्जा क्षेत्र (आंध्र प्रदेश)-भाग ए और भाग बी के लिए पारेषण प्रणाली और पावरग्रिड द्वारा 820 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कार्यान्वित अनंतपुरम (2,500 मेगावाट) और कुरनूल (1,000 मेगावाट) में सौर ऊर्जा क्षेत्र के लिए पारेषण योजना का भी उद्घाटन करेंगे।
इन पारेषण परियोजनाओं से कुरनूल और अनंतपुरम के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों से उत्पन्न बिजली को राष्ट्रीय ग्रिड के माध्यम से देश भर के लाभार्थियों तक पहुंचाना संभव होगा। इनसे ग्रिड में नवीकरणीय ऊर्जा की एक बड़ी मात्रा को एकीकृत करने में सुविधा होगी, मांग केंद्रों के लिए स्वच्छ बिजली की उपलब्धता में सुधार होगा और जीवाश्म ईंधन आधारित बिजली उत्पादन पर निर्भरता कम करके भारत के ऊर्जा परिवर्तन और कार्बन उत्सर्जन कम करने के प्रयासों में योगदान मिलेगा।
प्रधानमंत्री 1,880 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कुछ का लोकार्पण करेंगे। राष्ट्र को समर्पित की जाने वाली परियोजनाओं में एनएच-365 बीजी के रेचेरला से गुरुवायगुडेम खंड तक का चार लेन वाला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड राजमार्ग, गुरुवायगुडेम से देवरापल्ले खंड तक का चार लेन वाला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड राजमार्ग और एनएच-67 पर चार लेन वाला ताडीपत्री बाईपास शामिल हैं। प्रधानमंत्री एनएच-565 के पेंचलाकोना-येरपेडु खंड पर लिंगसमुद्रम में उच्च स्तरीय पुल की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं से विजयवाड़ा और कई अन्य शहरों में यातायात जाम कम होगा, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा, विशाखापत्तनम और हैदराबाद के बीच यात्रा की दूरी और समय कम होगा और क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।
श्री मोदी कर्नाटक के मैसूरु में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र-विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे। विवेक स्मारक स्वामी विवेकानंद की भारत यात्रा के दौरान नवंबर 1892 में मैसूरु की ऐतिहासिक यात्रा स्मृति में बनाया गया है। अपने प्रवास के दौरान, उन्होंने प्रवचन दिए, विद्वानों और भक्तों से बातचीत की और महाराजा चामराजेंद्र वाडियार-एक्स का संरक्षण प्राप्त किया, जिनके समर्थन से वे 1893 में शिकागो में आयोजित धर्म संसद में भाग ले सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित