चेन्नई , मई 10 -- तमिलनाडु के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुभकामना संदेश का अत्यंत गर्मजोशी से जवाब देते हुए राज्य और केंद्र के बीच रचनात्मक सहयोग की नयी उम्मीद जतायी है।
श्री विजय ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए अपने संदेश में लिखा है, "माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, आपकी शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार। मैं तमिलनाडु के विकास और लोक-कल्याण के साझा लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हूँ।"उनके इस जवाब को राजनीतिक हलकों में संघीय ढांचे को मजबूत करने और राज्य की प्रगति के लिए सकारात्मक तालमेल के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
इसके साथ ही श्री विजय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अभिनेता से नेता बने कमल हासन ,अन्य विपक्षी और क्षेत्रीय नेताओं से मिली बधाइयों पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से आभार प्रकट करते हुए कहा कि विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से मिलने वाला यह समर्थन उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है।
अन्य सभी शुभचिंतकों और फिल्मी हस्तियों के लिए छोड़े गये साझा संदेश में श्री विजय ने कहा, "मुझ पर और मेरी टीम पर भरोसा जताने वाले प्रत्येक व्यक्ति का मैं ऋणी हूं। आप सभी की शुभकामनाएं मुझे जनता की सेवा पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करने की शक्ति प्रदान करेंगी। अब हमारा पूरा ध्यान तमिलनाडु को एक मॉडल राज्य बनाने और हर नागरिक की आकांक्षा पूरी करने पर है।"गौरतलब है कि आज सुबह दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार से राजनेता बने जोसेफ चंद्रशेखर विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत नेता-अभिनेता और देश की तमाम हस्तियों ने उन्हें बधाई दी है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उन्हें बधाई देते हुए राज्य के विकास के लिए मिलकर काम करने की इच्छा जतायी थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बधाई संदेश में विश्वास जताया है कि श्री विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु प्रगति की नयी ऊंचाइयों को छुएगा। श्री गांधी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें सत्ता सौंपी है, वह लोकतंत्र की जीत है। पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इस अवसर पर गर्मजोशी दिखाई।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने श्री विजय को बधाई देते हुए अंतर-राज्यीय संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद जतायी। वहीं अपने 'छोटे भाई' को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखते हुए श्री कमल हासन ने भावुक बधाई दी और इसे तमिल राजनीति के लिए क्रांतिकारी बदलाव बताया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी श्री विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए कहा कि एक जनप्रिय अभिनेता का मुख्यमंत्री के रूप में चुना जाना जनता के अटूट प्यार का प्रमाण है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एमए बेबी ने 'एक्स' पर अपने अपने बधाई संदेश में लिखा है, "टीवीके नेता थिरु सी जोसेफ विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर बधाई। धर्मनिरपेक्षता, जन-केंद्रित आर्थिक विकास, संघवाद और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को बनाये रखने और तमिलनाडु की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आपको और आपकी सरकार को मेरी शुभकामनाएं।"तमिलनाडु के स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी उन्हें जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। निवर्तमान सरकार के प्रमुख चेहरों और विपक्षी नेताओं, जिनमें उदयनिधि स्टालिन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई और 'नाम तमिलर कड़गम' के सीमान ने भी श्री विजय को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी है। फिल्मों के 'इलैया थलपति' (युवा कमांडर) से अब प्रदेश के असली 'थलाइवर' (प्रमुख) बने श्री विजय के कंधों पर अब तमिलनाडु के करोड़ों लोगों की उम्मीदों का भार है।
सिने कलाकारों में मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने भी अपने करीबी दोस्त और लंबे समय तक स्क्रीन पार्टनर रहे श्री विजय को मुख्यमंत्री बनने पर विशेष बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर श्री विजय के साथ अपनी पुरानी तस्वीर साझा कर लिखा है, "अभिनेता से जननायक तक का आपका यह सफर वाकई प्रेरणादायक है। मुझे पूरा यकीन है कि आप अपनी ईमानदारी और कड़ी मेहनत से तमिलनाडु को नयी ऊंचाइयों पर ले जायेंगे।" तृषा ने आगे उन्हें 'कैप्टन' संबोधित करते हुए उनके सफल और गौरवशाली कार्यकाल की कामना की। वहीं आर. माधवन ने राज्य के नये मुख्यमंत्री विजय की एक तस्वीर साझा करते हुए उनके प्रति अपना गर्व व्यक्त किया।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "मेरे प्यारे भाई, आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मुख्यमंत्री के रूप में आपका कार्यकाल हमारे राज्य के लिए सबसे प्रभावशाली और फलदायी साबित हो। ईश्वर आपको वह शक्ति प्रदान करे, जिससे आप जनता की भलाई के लिए वे सभी कार्य कर सकें जो आप करना चाहते हैं।"दिग्गज अभिनेता सत्यराज ने श्री विजय की जीत 'ऐतिहासिक' बताते हुए लंबा नोट लिखा। उन्होंने कहा कि यह जीत उन लोगों के लिए मिसाल है, जो मुश्किल समय में भी अपने सिद्धांतों पर अडिग रहते हैं। उन्होंने इस सफलता को केवल राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि तमिलनाडु के लिए एक नये रास्ते और नयी उम्मीद का जनादेश बताया।
इनके अलावा अभिनेत्री पूजा हेगड़े ने उन्हें 'मुख्यमंत्री विजय सर' कहकर संबोधित करते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं है। जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज ने भी 'एक्स' पर पोस्ट साझा कर श्री विजय को नयी जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और कामना की कि उनके शासन में राज्य और अधिक समृद्ध हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित