वाराणसी , जुलाई 28 -- संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर के समग्र विकास के लिए केंद्र और उत्तर प्रदेश की मोदी-योगी सरकार ने विभिन्न विभागों के माध्यम से 111.81 करोड़ रुपये की लागत से आधारभूत सुविधाओं एवं पर्यटन अवसंरचना का विकास कराया है। इसका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है।
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने मंगलवार को बताया कि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली लंबे समय से देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और परिसर के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए यहां आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके तथा वे गुरु रविदास जी के जीवन-दर्शन और उनके संदेश को निकटता से अनुभव कर सकें।
उन्होंने बताया कि 5.34 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक लंगर हॉल एवं जनसुविधाओं का निर्माण कराया गया है। परिसर के सौंदर्यीकरण के तहत 2.59 करोड़ रुपये की लागत से पार्क का विकास, 1.78 करोड़ रुपये से पैदल मार्ग एवं बाउंड्री वॉल तथा 3.31 करोड़ रुपये की लागत से स्कल्पचर, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, ईपीडीएम पाथवे एवं अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराए गए हैं। इसके अलावा 50 लाख रुपये की लागत से गुरु रविदास जी की कांस्य प्रतिमा स्थापित की गई है।
श्री बोरा ने बताया कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए 11.88 करोड़ रुपये की लागत से छित्तूपुर रोड से सीर गेट तक सड़क का निर्माण कराया गया है। इसके अतिरिक्त 4.69 करोड़ रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग, ड्रेनेज एवं सीसी रोड तथा 2.14 करोड़ रुपये की लागत से लंगर हॉल को राष्ट्रीय राजमार्ग-7 से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का निर्माण कराया गया है।
वहीं 45 लाख रुपये की लागत से संत रविदास घाट पर दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए रैम्प तथा 2.75 करोड़ रुपये की लागत से नगवा स्थित संत रविदास पार्क का सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कराया गया है। उन्होंने बताया कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 51.34 करोड़ रुपये की लागत से भूमि का क्रय एवं अधिग्रहण किया गया है। इसके अलावा 24.13 करोड़ रुपये की लागत से गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन, साहित्य एवं सामाजिक योगदान पर आधारित आधुनिक संग्रहालय (म्यूजियम) का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से सीर गोवर्धनपुर में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा गुरु रविदास जी के समता, मानवता और सामाजिक सद्भाव के संदेश के व्यापक प्रचार-प्रसार में भी सहायता मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित