जालौन , मई 22 -- उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य और अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के पूर्व चेयरमैन डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में दलित, वंचित एवं पिछड़े वर्गों के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण का नया दौर शुरू हुआ है। डा निर्मल ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सबसे अधिक लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब और दलित परिवारों को मिला है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना, स्वच्छ भारत मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है। अब गरीबों को पक्के मकान, बिजली, गैस चूल्हा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है। डॉ. निर्मल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मुसहर, बसोर, बांसफोड़, धरकार और थारू समाज जैसे हाशिए पर खड़े समुदायों को मुख्यमंत्री आवास योजना में प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान में लखनऊ के ऐशबाग क्षेत्र में भव्य आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है, जहां 25 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की गई है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय निर्माण से हाथ से मैला उठाने जैसी अमानवीय प्रथा पर प्रभावी रोक लगी है। वहीं स्टैंडअप इंडिया योजना के माध्यम से दलित युवाओं को स्वरोजगार के लिए 10 लाख रुपये से एक करोड़ रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित