वाराणसी , अक्टूबर 06 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, जीवन, नेतृत्व, शासन मॉडल और नीतियों पर विभिन्न भाषाओं में 500 से अधिक पुस्तकें लिखी गई है। इन्हीं पुस्तकों को एक छत के नीचे प्रदर्शित करने और युवाओं के बीच प्रधानमंत्री की नीतियों पर संवाद के उद्देश्य से काउंसिल फॉर मीडिया एंड पब्लिक पॉलिसी रिसर्च (सीएमपीपीआर) द्वारा काशी में दो दिवसीय 'नमो बुक फेस्ट जेन वी' का आयोजन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में काशी में आयोजित यह फेस्ट सात और आठ अक्टूबर को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में सुबह 10 से शाम छह बजे तक होगा। सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री के संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से भी इसे जोड़ा गया है।
आयोजकों के अनुसार, फेस्ट का पहला संस्करण दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित हुआ था, जिसमें दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों और करीब 1,000 स्कूलों के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया था। वहां 450 से अधिक पुस्तकों को 10 श्रेणियों में प्रदर्शित किया गया था और 'जेन वी' की अवधारणा पेश की गई थी। इसका आशय विकसित भारत का विजन रखने वाली पीढ़ी से है।
आयोजन में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव, लेखक अमीश त्रिपाठी, राहुल शिवशंकर, आरजे रौनक, अभिनेत्री सुजैन बर्नट, आदित्य राज कौल, गौतम चिकरमाने और नलिन मेहता सहित कई लेखक, नीति निर्माता, चिंतक और युवा हस्तियां शामिल होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित