चंडीगढ़ , जुलाई 18 -- आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश के दौरे पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने राज्य के वास्तविक मुद्दों पर कोई जवाब नहीं दिया और केवल राजनीतिक आरोप लगाकर लौट गये।
'आप' पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने शनिवार को जारी वीडियो संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री का पंजाब दौरा झूठे आरोपों और राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित रहा। पंजाब के लोगों को जिन अहम मुद्दों पर जवाब चाहिए था, उन पर वह पूरी तरह मौन रहे।
श्री पन्नू ने कहा कि प्रधानमंत्री को किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और पंजाब के कथित रूप से बकाया केंद्रीय फंड जैसे मुद्दों पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब का वैध हिस्सा रोक रही है, लेकिन प्रधानमंत्री ने इस पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया।
भाजपा के 'डबल इंजन सरकार' के नारे पर हमला बोलते हुए श्री पन्नू ने कहा कि पंजाब के लोग पहले ही भाजपा और शिरोमणि अकाली दल की संयुक्त सरकार का कार्यकाल देख चुके हैं तथा उसके परिणामों को नहीं भूले हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2007 से 2017 के दौरान भाजपा-अकाली सरकार के शासनकाल में पंजाब में नशे की समस्या और गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा मिला, जिसके दुष्परिणाम आज भी राज्य भुगत रहा है।
श्री पन्नू ने कहा कि भाजपा एक बार फिर पंजाब में डबल इंजन सरकार की बात कर रही है, जबकि राज्य के लोगों ने 1997 से 2002 और 2007 से 2017 तक उसके शासन का अनुभव किया है और उस दौरान हुए नुकसान को याद रखा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग केवल नारों और राजनीतिक प्रचार से प्रभावित नहीं होंगे। राज्य की जनता प्रधानमंत्री से राजनीतिक भाषणों के बजाय जवाबदेही, न्याय और पंजाब की समस्याओं के ठोस समाधान की अपेक्षा करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित