नयी दिल्ली , अक्टूबर 10 -- कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया है कि उनकी सरकार ने देश को तानाशाही में बदल दिया है ।

उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को पूरी तरह से कुचला जा चुका है और श्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबाने के लिए प्रदर्शनकारियों पर अन्य कर उनको हिरासत में ले रही है।

श्रीमती वाड्रा ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि पहले 254 सांसदों के साथ धक्का-मुक्की कर उन्हें पूरी तरह अवैध तरीके से हिरासत में लिया गया और उनके बुनियादी संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन किया गया। इसके बाद विपक्षी दलों के अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ भी ऐसा ही व्यवहार किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की घेराबंदी कर उसे चारों ओर से बैरिकेड लगाकर सील कर दिया गया है, रेलगाड़ियों की आवाजाही रोकी गयी है, मेट्रो को ठप कर दिया है, इंटरनेट बंद किया गया है तथा जगह-जगह जांच चौकियां बनायी गयीं है। उन्होंने कहा कि अपने संवैधानिक अधिकार के तहत प्रदर्शन कर रहे युवक-युवतियों के साथ मारपीट कर उन्हें हिरासत में लिया गया है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यदि यह इस बात का सबूत नहीं है कि चुनाव आयोग की मिलीभगत से चुनावों में धांधली की गयी और सरकार अपनी वैधता उजागर होने तथा जवाबदेही मांगे जाने से डरी हुई है, तो फिर और क्या सबूत चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अब लोकतंत्र नहीं रह गया है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में तानाशाही चल रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने में उनके साथ मिलीभगत करने वाले सभी लोग राष्ट्र के साथ देशद्रोह कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित