नयी दिल्ली , जुलाई 05 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान में उनके योगदान का उल्लेख किया है।

श्री मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, "पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जनसेवा और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।"रामविलास पासवान देश के प्रमुख दलित नेताओं में गिने जाते थे। उनका राजनीतिक जीवन पांच दशक से अधिक समय तक सक्रिय रहा और वह सामाजिक न्याय तथा समावेशी विकास के प्रबल समर्थक माने जाते थे। उन्होंने बिहार का प्रतिनिधित्व लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में किया। विभिन्न केंद्र सरकारों में वह रेल, संचार, कोयला, रसायन एवं उर्वरक, इस्पात, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का दायित्व संभाल चुके थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित