वाराणसी , अप्रैल 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधी आबादी के जीवन में व्यापक बदलाव लाते हुए महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ ही नहीं, बल्कि नेतृत्व की नई दिशा भी दी है। बरेका मैदान में आयोजित एक जनसभा में श्री नबीन ने कहा कि महिलाएं अब समाज को जोड़ने के साथ-साथ निर्णायक नेतृत्व भी दे रही हैं। यह प्रधानमंत्री का महत्वपूर्ण योगदान है। आज पूरा देश महिलाओं का मजबूत नेतृत्व देखना चाहता है और प्रधानमंत्री ने इस दिशा में स्पष्ट संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 'संकल्प से सिद्धि' की यात्रा पूरी होगी। भारत कृषि से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तक हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि आज देश की आधी आबादी स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हो रही है और महिलाओं की भागीदारी राष्ट्र निर्माण में लगातार मजबूत हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित