चंडीगढ़ , जुलाई 17 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राज्य के दौरे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने 12 वर्षों के कार्यकाल में पंजाब के लिए चुनावी दौरों और समय-समय पर किये गये वादों के अलावा कुछ नहीं किया है।
यहां शुक्रवार को जारी बयान में राजा वड़िंग ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री राज्य के लिए कोई नयी ठोस घोषणा करने के बजाय पुराने वादों को दोहराने आये हैं, जिन्हें पूरा करने की उनकी कोई मंशा नहीं है। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री से लोगों का ध्रुवीकरण करने की राजनीति बंद करने की अपील करते हुए कहा कि उनका यह दौरा भी एक विशेष राजनीतिक एजेंडे के तहत प्रस्तुत किया गया, लेकिन पंजाब में इस तरह की राजनीति सफल नहीं होगी।
राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब को इस समय आर्थिक और कृषि पुनर्निर्माण की आवश्यकता है, लेकिन प्रधानमंत्री ने इस दिशा में कोई ठोस योजना या पहल नहीं रखी। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री वास्तव में किसानों के प्रति गंभीर होते तो वे कृषि ऋण माफी और विभिन्न फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी जैसे अपने वादे पूरे करते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पिछले 12 वर्षों से देश का नेतृत्व कर रहे हैं और पंजाब से लंबे जुड़ाव का दावा भी करते हैं, लेकिन इस अवधि में राज्य को कोई विशेष लाभ नहीं मिला।
राजा वड़िंग ने सवाल किया, "क्या यह अनिवार्य है कि राज्य में भाजपा की सरकार हो तभी केंद्र सरकार उसे उसका अधिकार देगी?" उन्होंने कहा कि यदि ऐसा है तो पंजाब को प्रधानमंत्री मोदी से किसी विशेष सहायता की उम्मीद नहीं करनी चाहिए, क्योंकि राज्य में भाजपा सरकार बनने की संभावना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से केंद्र सरकार पंजाब के साथ भेदभाव कर रही है और यह संदेश दिया जा रहा है कि भाजपा को वोट देने पर ही राज्य को उसका अधिकार मिलेगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब अब केवल वादे नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहता है। उन्होंने केंद्र सरकार से किसानों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी, उद्योगों के पुनरुद्धार, युवाओं के लिए रोजगार, सीमावर्ती जिलों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज, किसानों को व्यापक सहायता तथा नशे की समस्या पर निर्णायक कार्रवाई की मांग की।
राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब ने हमेशा देश के लिए सबसे अधिक बलिदान दिये हैं और अब राज्य को उसका अधिकार मिलने में और प्रतीक्षा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब को अगले दिन की सुर्खियां नहीं, बल्कि ऐसे फैसले चाहिए, जिन्हें लोग लंबे समय तक याद रखें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित