गांधीनगर , जनवरी 12 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को यहां जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ वार्ता के दौरान जर्मनी में फोस्टर केयर (बाल देखभाल) केन्द्र में रखी गयी भारतीय बच्ची अरिहा शाह का मुद्दा उठाया। श्री मर्ज दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर आये हैं और श्री मोदी ने उनके साथ यहां व्यापक वार्ता के दौरान अरिहा शाह के मामले पर भी चर्चा की।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बाद में संवाददाता सम्मेलन में सवालों के जवाब में कहा कि श्री मोदी ने श्री मर्ज के साथ बातचीत में यह मामला उठाया है।
उन्होंने कहा कि यह बेहद संवेदनशील विषय है और भारत इस बारे में जर्मन सरकार और वहां की जितनी भी एजेन्सी हैं, यहां जर्मन दूतावास के साथ और बर्लिन में सरकार के साथ उठा रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक समय पर कानूनी मामला था लेकिन हमाना मानना है कि मानवीय मुद्दों को ध्यान में रखते हुए इसका समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा , " जो परिवार की व्यथा और मुश्किलें हैं उसको तो परिवार ही बेहतर समझता है लेकिन हमें इस मामले की पूरी जानकारी है और हर समय पर जितना हमसे बन पड़ रहा है हम उनकी हर संभव मदद कर रहे हैं। ये भी कोशिश कर रहे हैं कि बेबी अरिहा की परवरिश जितना हो सके एक भारतीय माहौल में हो चाहे वह भारतीय लोगों के साथ उठना-बैठना हो । भारतीय त्यौहार जो जर्मनी में मनाये जा रहे हैं उनमें वह आ जा सके। उसके लिए हिन्दी सीखने की व्यवस्था करना इस बारे में हमारी कोशिश चल रही है। और चीजों के बारे में भी हाल ही में हमने कोशिश की है उसके बारे में अभी ज्यादा विस्तार में नहीं जाना चाहता लेकिन आप सब लोगों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि हम जर्मनी के साथ इस मुद्दे को उठाने को लेकर प्रतिबद्ध हैं और हम हर स्तर पर इस बारे में बात कर रहे हैं । "उन्होंने कहा कि भारत इस मुद्दे को जर्मनी के साथ जो संबंध हैं उनसे अलग हटकर नहीं देखता इसकी भी उतनी है प्राथमिकता है जितनी बाकी मुद्दों की है और इस बारे में हमारे प्रयास जारी रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि अरिहा शाह को सितंबर 2021 से जर्मनी में फ़ोस्टर केयर (बाल देखभाल) में रखा गया है, क्योंकि जर्मन बाल कल्याण सेवाओं ने उसके माता-पिता के घर में उसके साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। इसके बाद भारतीय माता-पिता अपनी बच्ची को भारत वापस लाने और उसके साथ फिर से एकजुट होने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित