नयी दिल्ली , जुलाई 12 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शेख हमद को एक दूरदर्शी राजनेता बताया जिन्होंने कतर को एक समृद्ध और आधुनिक राष्ट्र में बदलने के साथ-साथ भारत के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों भी मजबूत किया था।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किए गए एक शोक संदेश में शेख हमद को श्रद्धांजलि दी और कतर के नेतृत्व, शाही परिवार और वहां की जनता के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
श्री मोदी ने लिखा, "हम कतर के श्री शेख हमद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। वह एक ऐसे दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने कतर को विकास और समृद्धि के नए शिखरों पर पहुंचाया। हम उन्हें एक सच्चे मित्र के रूप में भी याद करते हैं, जिनसे मुझे फरवरी 2024 में अपनी पिछली कतर यात्रा के दौरान मिलने का सम्मान मिला था।"प्रधानमंत्री ने कतर के वर्तमान अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शेख हमद बिन खलीफा अल थानी ने साल 1995 से 2013 तक कतर के अमीर के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं, जिसके बाद उन्होंने अपने बेटे शेख तमीम बिन हमद अल थानी को सत्ता सौंप दी थी। उन्हें कतर को एक वैश्विक आर्थिक और राजनयिक शक्ति में बदलने का व्यापक श्रेय दिया जाता है। उनके शासनकाल के दौरान, कतर ने अपने विशाल प्राकृतिक गैस संसाधनों के दम पर तेजी से आर्थिक प्रगति की, अपने अंतरराष्ट्रीय प्रभाव को बढ़ाया और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मामलों में एक प्रमुख देश के रूप में उभरा।
श्री मोदी ने फरवरी 2024 में कतर की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान शेख हमद से मुलाकात की थी, जो भारत-कतर संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित