भुवनेश्वर/नयी दिल्ली , जून 20 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ओड़िशा के मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव का दौरा किया।

प्रधानमंत्री ने 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पवित्र उपवनों सांथाली जाहेरा और हो जाहेरा, कौशल केंद्र तथा पहाड़पुर विद्यालय में पूजा-अर्चना की और मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया, जो ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का विषय "विकास रा धारा, ओडिशा सारा" था।

प्रधानमंत्री ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा, "डबल इंजन सरकार राज्य की विकास यात्रा को तेज गति दे रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं, निवेश, औद्योगिक विकास तथा रोजगार के अवसरों के माध्यम से आम नागरिकों के जीवन में परिवर्तन ला रही है।"उन्होंने ओडिशा की महान विभूतियों संताली भाषा की ओल चिकी लिपि के निर्माता पंडित रघुनाथ मुर्मु, डॉ. दमयंती बेसरा और श्री चरण हेम्ब्रम को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने संताली भाषा और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया, जिसमें संविधान को संताली भाषा में उपलब्ध कराना भी शामिल है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए श्री मोदी ने कहा कि मयूरभंज की धरती से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक उनकी यात्रा ओडिशा और पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी निष्ठा, विनम्रता और जनसेवा के समर्पण की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित