तिरुवल्ला , अप्रैल 04 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के खिलाफ हमला बोलते हुए दोनों मोर्चों पर राजनीतिक लाभ के लिए झूठ बोलने का आरोप लगाया।
श्री मोदी ने इन मोर्चो पर विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए), समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) सहित प्रमुख राष्ट्रीय मुद्दों पर लगातार गलत सूचना अभियान चलाने का भी आरोप लगाया।
तिरुवल्ला में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहाकि एलडीएफ और यूडीएफ झूठ बोलने में माहिर हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों मोर्चा ने 'केरल फाइल्स' और "कश्मीर फाइल्स" से लेकर "धुरंधर" तक कई बातों और मुद्दों को झूठा बताकर खारिज कर दिया है और अब जानबूझकर विधायी उपायों पर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गोवा में दशकों से बिना किसी विवाद के समान नागरिक संहिता लागू है जबकि केरल में इसके बारे में झूठी बातें फैलाई जा रही हैं, ठीक वैसे ही जैसे सीएए लागू होने के दौरान किया गया था। सीएए लागू होने के दौरान हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों को याद करते हुए श्री मोदी ने कहा कि विपक्षी दलों ने झूठा दावा किया था कि लोग अपनी नागरिकता खो देंगे।
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि एफसीआरए और यूसीसी जैसे कानून राष्ट्रीय सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हैं और किसी भी समुदाय के खिलाफ नहीं हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए नागरिकों को गुमराह करना लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों मोर्चों के लिए गलत सूचना फैलाना एक आदत बन गयी है और आरोप लगाया कि मनगढ़ंत दावों के माध्यम से सरकार की हर पहल का विरोध करना उनकी मानक कार्यप्रणाली है।
उन्होंने कहा कि सीएए के लागू होने के बाद भी विपक्ष द्वारा जतायी गयी कोई भी आशंका सच नहीं हैं, जिससे उनकी धोखे की राजनीति का पर्दाफाश हुआ।
अपने हमले को आगे बढ़ाते हुए श्री मोदी ने विपक्ष पर 'द कश्मीर फाइल्स' और 'द केरल स्टोरी' जैसी फिल्मों और कथाओं के खिलाफ झूठा प्रचार करने का आरोप लगाया और कहा कि किसी भी सकारात्मक पहल या सच्चाई का संगठित रूप से खंडन करने के प्रयासों से सामना किया जाता है।
उन्होंने दावा किया कि केरल में भाजपा के नेतृत्व वाला राजग ही एकमात्र वास्तविक राजनीतिक शक्ति है और एलडीएफ एवं यूडीएफ 'गुप्त सहयोगी' के रूप में काम करते हैं। सबरीमाला में कथित सोने की चोरी का मुद्दा उठाते हुए श्री मोदी ने कहा कि पवित्र तीर्थस्थल की 'पवित्रता को ठेस पहुंचाने' के प्रयास किये गये और आश्वासन दिया कि यदि एनडीए राज्य में सत्ता में आता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि सबरीमाला सोने की तस्करी मामले के सूत्रधार कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से जुड़े हुए हैं। महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र ने महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया है, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध किया।
उन्होंने आरक्षण से दक्षिणी राज्यों में संसदीय सीटों में कमी आने के दावों को निराधार बताते हुए खारिज किया और संकेत दिया कि इस नीति को लागू करने के लिए सीटों की कुल संख्या बढ़ायी जाएगी। श्री मोदी ने विधेयक को सर्वसम्मति से पारित करने की अपील की।
चुनावी लाभ के लिए विभाजनकारी एवं सांप्रदायिक राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए श्री मोदी ने कहा कि ये मोर्चा एर्नाकुलम के मुनंबम भूमि विवाद जैसे संवेदनशील मामलों में पीड़ितों को न्याय दिलाने के बजाय सांप्रदायिक ताकतों को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार के रवैये से राज्य एवं राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों खतरे में पड़ जाती हैं और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केरल की जनता इस तरह की राजनीति को नकार देगी। खाड़ी देशों के साथ भारत के मजबूत राजनयिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए श्री मोदी ने कहा कि घनिष्ठ द्विपक्षीय संबंधों के कारण इन देशों में भारतीयों को परिवार के सदस्यों की तरह माना जाता है।
श्री मोदी ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर पश्चिम एशिया में तनाव के बीच राजनीतिक लाभ के लिए इन संबंधों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि इस तरह की बयानबाजी विदेशों में काम करने वाले भारतीय श्रमिकों के भविष्य को खतरे में डाल सकती है। उन्होंने दोहराया कि इस क्षेत्र में लाखों मलयाली नागरिकों की सुरक्षा उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राजग के शासन के रिकॉर्ड की ओर इशारा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि गठबंधन ने ईसाई आबादी वाले सात पूर्वोत्तर राज्यों में सरकारें बनायी हैं और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को पूरा किया है।
उन्होंने गोवा को एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जहां ईसाई समुदाय की अच्छी खासी संख्या है और वहां समावेशी शासन व्यवस्था कायम है। केरल के भविष्य के बारे में बात करते हुए श्री मोदी ने कहा कि राजग सरकार मछुआरों और किसानों की चिंताओं को प्राथमिकता देगी और साथ ही सभी क्षेत्रों में विकास को गति देगी।
महिला सशक्तिकरण को राजग शासन का आधार बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि सरकारी नीतियों से महिलाओं को सबसे अधिक लाभ मिला है। उन्होंने शौचालय निर्माण, बैंक खाते खोलना, महिलाओं के नाम पर मकान उपलब्ध कराना और मुद्रा ऋण के माध्यम से उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसी पहलों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को मजबूत किया जा रहा है और लखपति दीदी कार्यक्रम के तहत पहले ही तीन करोड़ लाभार्थी बन चुके हैं, और तीन करोड़ और लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य है।
श्री मोदी ने कहा कि अगर केरल में भाजपा सरकार बनाती है तो महिलाएं सबसे ज्यादा लाभान्वित होंगी और साथ ही राज्य के लोग को विशु और ईस्टर की शुभकामनाएं दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित