नयी दिल्ली , मार्च 03 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को आट्टुकल पोंगाला के पवित्र अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस त्योहार को महिलाओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इस अवसर पर समाज में भाईचारे तथा एकजुटता बनाये रखने पर जोर दिया।

सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने एक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, " आट्टुकल पोंगाला के पावन अवसर पर बहुत-बहुत बधाई। यह त्योहार हमारी नारी शक्ति के लिए विशेष महत्व रखता है। प्रार्थना है कि यह शुभ दिन हर किसी के जीवन में समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आये। समाज में भाईचारे और मिल-जुलकर रहने की भावना और भी मजबूत हो। "केरल के तिरुवनंतपुरम में प्रति वर्ष मनाया जाने वाला आट्टुकल पोंगाला विश्व में महिला श्रद्धालुओं के सबसे बड़े जमावड़ों में से एक है। यह त्योहार प्रसिद्ध आट्टुकल भगवती मंदिर में पूजी जाने वाली देवी आट्टुकल भगवती को समर्पित है।

इस दिन लाखों महिलाएं अपनी श्रद्धा और आभार व्यक्त करने के लिए 'पोंगाला' नाम का प्रसाद तैयार करने के लिए एकत्र होती हैं। यह प्रसाद चावल, गुड़ और नारियल से बनाया जाने वाला एक मीठा पकवान है।

आट्टुकल पोंगाला को महिला शक्ति और भक्ति के उत्सव के रूप में देखा जाता है और इसे अक्सर 'नारी शक्ति' का जीता-जागता उदाहरण माना जाता है। किसी एक धार्मिक आयोजन के लिए इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं के जुटने की वजह से इस त्योहार को खास पहचान मिली है।

त्योहार के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में महिला सशक्तीकरण, खुशहाली और आपसी सौहार्द जैसे उन बड़े विषयों पर जोर दिया, जिनका प्रतिनिधित्व आट्टुकल पोंगाला करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित