हैदराबाद , जुलाई 17 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 20 राज्यों में 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों के शुभारंभ के हिस्से में हैदराबाद में पुनर्विकसित हाई-टेक सिटी रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री ने हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के अपने दौरे के दौरान 25,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए जालंधर रेलवे स्टेशन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इन स्टेशनों का उद्घाटन किया।
हाई-टेक सिटी रेलवे स्टेशन पर इसके समानांतर एक समारोह आयोजित किया गया। इसमें एमएलसी एवीएन रेड्डी, दक्षिण मध्य रेलवे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव, सिकंदराबाद मंडल रेल प्रबंधक आर गोपालकृष्णन और अन्य वरिष्ठ रेलवे अधिकारी शामिल हुए।
इस अवसर पर श्री रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना में रेलवे बुनियादी ढांचे में तेजी से विकास हो रहा है और वर्तमान में 40,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। केंद्र सरकार सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए रेल, सड़क और हवाई संपर्क को मजबूत कर रही है।
दक्षिण मध्य रेलवे महाप्रबंधक ने कहा कि तेलंगाना के अन्य अमृत भारत स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्य निर्धारित समय सारणी के अनुसार सुचारू रूप से आगे बढ़ रहे हैं। पुनर्विकसित हाई-टेक सिटी स्टेशन को एक नये स्टेशन भवन, बेहतर प्रतीक्षालयों, लिफ्ट, एस्केलेटर, आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर साइनेज और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं के साथ उन्नत किया गया है।
समारोह के दौरान छात्रों के लिए आयोजित निबंध, ड्राइंग, पेंटिंग और सेल्फी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किये गये, जबकि स्टेशन पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गयीं।
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री ने हरियाणा में जींद और सोनीपत के बीच भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसे मेक इन इंडिया पहल के तहत महत्वपूर्ण बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित