नयी दिल्ली , फरवरी 24 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिन की यात्रा पर इजरायल जायेंगे जहां वह प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढाने की संभावनाओं पर करेंगे। प्रधानमंत्री इज़राइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि श्री मोदी प्रधानमंत्री नेतन्याहू के निमंत्रण पर 25 और 26 फरवरी को इज़राइल की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। यह श्री मोदी की इज़राइल की दूसरी यात्रा होगी। यात्रा के दौरान श्री मोदी प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता भारत-इज़राइल सामरिक साझेदारी में महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा एवं सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार एवं अर्थव्यवस्था तथा लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय एवं वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
श्री मोदी इज़राइल के राष्ट्रपति हर्ज़ोग से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित