बेंगलुरु , अप्रैल 18 -- कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं होने को विपक्षी दलों की सोची-समझी साजिश करार देते हुए कहा कि सरकार इस कानून को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कर्नाटक में भाजपा नेता चलवादी नारायणस्वामी ने कहा, "यह हार मोदी सरकार की हार नहीं है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि विपक्ष ने एकजुट होकर इस कदम को रोका है। उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब चुप नहीं बैठेंगे। हम इस विधेयक को इसके बाद भी वापस लायेंगे।"श्री नारायणस्वामी ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर महिला सशक्तीकरण का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगियों ने मिलकर इस विधेयक को हराया है... वे महिलाओं को कोई अवसर नहीं देना चाहते।"उन्होंने हमले को और तेज करते हुए दावा किया कि 'इंडिया' गठबंधन महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के खिलाफ खड़ा है। उन्होंने कहा, "न केवल कांग्रेस, बल्कि पूरा 'इंडिया' गठबंधन अपनी ही गठबंधन की बहनों के खिलाफ है।"इसी राजनीतिक हमले को आगे बढ़ाते हुए भाजपा नेता और कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद महिला आरक्षण को विफल करने का कांग्रेस का लंबा इतिहास रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित