रायपुर , अक्टूबर 07 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष का सेवाकाल शासन, जनसेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण है तथा पार्टी कार्यकर्ता इससे प्रेरणा लेते हैं।

श्रीमती स्मृति इरानी ने आज जारी बयान में कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई नरेंद्र मोदी की यात्रा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में प्रधानमंत्री ने सत्ता को जनसेवा का माध्यम बताते हुए शासन की कार्यसंस्कृति में बदलाव पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने विकास को प्राथमिकता दी और प्रधानमंत्री बनने के बाद गरीब कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और पहलों का उल्लेख किया।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निष्प्रभावी करने, तीन तलाक से संबंधित कानून, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक के विकास तथा जी-20 की अध्यक्षता जैसे घटनाक्रम भी प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में हुए हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी भूमिका का विस्तार किया है। उन्होंने जी-20 की अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग को मिली पहचान, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, रक्षा, अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए इसे केंद्र सरकार की नीतियों का परिणाम बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित