अंबाला छावनी , अक्टूबर 17 -- हरियाणा के परिवहन ऊर्जा एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाया गया। इस अभियान के तहत लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

शनिवार को अंबाला छावनी की रंगिया मंडी स्थित अंबेडकर धर्मशाला में सेवा संकल्प अभियान के तहत निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। श्री विज ने शिविर में चिकित्सा संबंधी स्टॉलों का निरीक्षण किया। शिविर में कुल 980 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चले इस अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा जांच और रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इसके अलावा, सेवा सेतु अभियान के तहत सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचानेके लिए विशेष शिविर लगाए गए। स्कूलों में विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से आंगन मिलन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

श्री विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में लगातार जनसेवा के लिए कार्य किया है। इसी भावना के साथ सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाया गया।

इस अवसर पर पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल, परवेश शर्मा, कार्यक्रम संयोजक एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, शशि लोंगिया, विपिन खन्ना, महामंत्री प्रमोद शर्मा, लक्की, बलित नागपाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित