नयी दिल्ली , जून 13 -- सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 12 वर्षों के दौरान बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए गए हैं और अब शहर को हरित नगरी बनाने के लिए 25 लाख पौधे लगाए जाएंगे।

श्री गडकरी ने शनिवार को नागपुर में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत स्कूलों, विश्वविद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों, राजनीतिक दलों तथा अन्य संस्थाओं को दो से तीन मीटर ऊंचाई वाले पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और उनके संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि आयुष्मान भारत योजना से 60 करोड़ लोगों को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ गैस कनेक्शन दिए गए हैं तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 11 करोड़ किसानों को वार्षिक वित्तीय सहायता मिल रही है।

श्री गडकरी ने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 57 करोड़ लाभार्थियों को लगभग 35 लाख करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं। स्टार्टअप इंडिया के तहत 1.6 लाख स्टार्टअप और 118 यूनिकॉर्न अस्तित्व में आए हैं तथा स्किल इंडिया मिशन के तहत करीब पांच करोड़ युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

उन्होंने कहा कि नागपुर में कॉटन मार्केट पुनर्विकास परियोजना, इतवारी मार्केट, ऑरेंज मार्केट, कमल चौक वाणिज्यिक परिसर, बुढ़वारी मार्केट तथा अन्य कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसके अलावा डाभा में एग्रो कन्वेंशन सेंटर, मोर भवन और गणेशपेठ बस स्टैंड के पुनर्विकास की परियोजनाएं भी क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नागपुर मेट्रो के दूसरे चरण का काम जारी है और तीसरे चरण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली गई है।

श्री गडकरी ने बताया कि देशभर में ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। जनवरी 2025 में घोषित नीति के तहत 1600 केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 24 केंद्र शुरू हो चुके हैं और 112 केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों के चालू होने पर प्रतिवर्ष करीब 1.15 करोड़ लोगों को प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित