वाराणसी , अक्टूबर 24 -- प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित आगमन पर भाजपा महानगर की ओर से भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस लाइन से नमो घाट तक आठ प्रमुख स्थलों पर शंखनाद, डमरू वादन, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया जाएगा। स्वागत कार्यक्रम में जेन-जी (युवा पीढ़ी) की भी भागीदारी रहेगी। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी पहुंच चुके हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल की अगुवाई में शनिवार को गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय में स्वागत तैयारियों को लेकर बैठक हुई। पटेल ने कहा कि काशी के सांसद प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता से जुटना चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों से युवाओं को भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल करने का आह्वान किया।

काशी क्षेत्र के प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि नगर को सजाया जा रहा है और बूथ से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि पुलिस लाइन में प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर उतरने पर सबसे पहले मातृशक्ति उनका स्वागत करेगी। इसके बाद पुलिस लाइन से सांस्कृतिक संकुल और चौकाघाट होते हुए नमो घाट तक स्वागत की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रधानमंत्री नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के 'विंग्स ओवर गंगा' कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि स्वागत के जरिए काशी की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की जाएगी। बैठक में मंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएलसी अश्वनी त्यागी और विधायक नीलकंठ तिवारी व सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित