दरभंगा, अक्टूबर 07 -- हात्मा गांधी महाविद्यालय, सुंदरपुर में 'मोदी के सपनों का भारत : सेवा संकल्प के 25 वर्ष' विषय पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता तथा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सदस्य एवं महाविद्यालय के शासी निकाय के सचिव डॉ. हरि नारायण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, राष्ट्रहित और विकास की भावना प्रमुख रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों की उनकी सार्वजनिक जीवन यात्रा में भारत को आत्मनिर्भर, विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास दिखाई देता है। प्रधानमंत्री ने देश की विकास यात्रा को नई गति देने के साथ विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा और प्रभाव को मजबूत करने का कार्य किया है।
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है, युवाओं के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सेवा और राष्ट्र निर्माण को केंद्र में रखकर काम करने की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, अनुशासन, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में योगदान देना चाहिए।
मुख्य अतिथि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव डॉ. अजीत कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी देश की वास्तविक प्रगति उसके नागरिकों के सामूहिक प्रयास से होती है। उन्होंने युवाओं से देश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ. अजीत कुमार चौधरी ने कहा कि भारत आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है। युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ने की सलाह दी।
प्रधानाचार्य प्रो. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। भाषण प्रतियोगिता में कुमार अभिषेक ने प्रथम, मीरा कुमारी ने द्वितीय तथा राधेश्याम कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में मीरा कुमारी प्रथम, ओमकार साह द्वितीय तथा नीतीश कुमार तृतीय रहे। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 1100, 700 एवं 500 रुपये का चेक तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा 25 छात्र -छात्राओं को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
डॉ. अविनाश कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. रामनाथ शर्मा एवं डॉ. दिलीप कुमार ने प्रतियोगिता के आयोजन एवं परिणाम की जानकारी दी। डॉ. शिखा ने मंच संचालन किया, जबकि डॉ. दीपक महतो ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित