बेतिया , सितम्बर 12 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक समूचे देश के साथ पश्चिमी चंपारण जिले में भी 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा।

डॉ. जायसवाल ने आज यहां बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने संवैधानिक पद पर रहते हुए 25 वर्षों के दौरान निरंतर देश की सेवा की है। उनके सेवा और समर्पण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सांसद ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर होगी। इस दिन केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से अपने-अपने घरों में दीपक जलाने की अपील की जाएगी। इसके साथ ही जिले में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

श्री जायसवाल ने कहा कि अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण भी किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता इन केंद्रों पर पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं और बच्चों को मिल रही सेवाओं की जानकारी लेंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों के बीच चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से उन्हें देश, विकास और सेवा से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सांसद ने कहा कि सात अक्टूबर को 'सेवा ज्योति यात्रा' निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और देश सेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचायी जाएगी। इसके साथ ही जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को 'सेवा संकल्प अभियान' के उद्देश्यों से अवगत कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित