श्रीनगर , अगस्त 28 -- पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीएफ) की अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने 29 अगस्त से शुरू हो रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मध्य एशिया की चार दिवसीय यात्रा से पहले शुक्रवार को क्षेत्र के ऐतिहासिक मार्गों को फिर से खोलने की मांग की।
सुश्री मुफ्ती ने एक्स पर कहा कि अपनी यात्रा के दौरान श्री मोदी को दक्षिण एशिया को मध्य एशिया से फिर से जोड़ने के लिए जम्मू-कश्मीर के ऐतिहासिक मार्गों का उपयोग करने के विचार को उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की रणनीतिक स्थिति इसे व्यापार, कनेक्टिविटी और सहयोग का प्रवेश द्वार बना सकती है।
उन्होंने कहा, "चूंकि श्री मोदी मध्य एशिया की यात्रा पर जा रहे हैं, इसलिए उन्हें दक्षिण एशिया को मध्य एशिया से फिर से जोड़ने के लिए जम्मू-कश्मीर के ऐतिहासिक मार्गों के उपयोग का मुद्दा उठाना चाहिए। जम्मू-कश्मीर की रणनीतिक स्थिति न केवल इस क्षेत्र के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी संपत्ति बन सकती है।"उन्होंने कहा, "खोतान, यारकंद और काशगर की ओर जाने वाले रास्तों को खोलने से जम्मू-कश्मीर संघर्ष क्षेत्र के बजाय व्यापार, कनेक्टिविटी और सहयोग का प्रवेश द्वार बन सकता है। आइए भूगोल का उपयोग शांति एवं समृद्धि के लिए करें और कश्मीर में एक नयी सुबह लायें।"श्री मोदी एससीओ शिखर सम्मेलन के लिए उज्बेकिस्तान के साथ-साथ किर्गिस्तान का भी दौरा करने वाले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित