पटना , जून 17 -- केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारह वर्षों के कार्यकाल में देश का चहुमुखी विकास हुआ है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 से पहले भारत आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक सभी मोर्चे पर हताश स्थिति में था, लेकिन उसी वर्ष नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश का चहुमुखी विकास हुआ तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान सम्मान में वृद्धि हुई।

श्री चौहान ने कहा कि बिहार महापुरुषों की धरती है और आधुनिक काल में भी यहां जयप्रकाश नारायण तथा डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरीखे नेता पैदा हुए। उन्होंने कहा कि बिहार लगातार प्रगति पथ पर अग्रसर है और देश के विकास में अपना योगदान दे रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बारह साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र हित सर्वोपरि के ध्येय से काम शुरू किया था और आज भी उंस मिशन पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि इन बारह वर्षों में देश की सीमाओं को सुरक्षित किया गया है और घुसपैठ को रोका गया है। उन्होंने कहा कि पहले बंगाल में बांग्लादेश से घुसपैठ की शिकायतें आती थी, लेकिन वहां भी अब डबल इंजन की सरकार है और इस समस्या का हल मुस्तैदी से निकाला जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित