चंडीगढ़ , जून 28 -- हरियाणा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पानीपत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का 135वां एपिसोड कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों के साथ सुना। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का जनआंदोलन बन चुका है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। स्वदेशी सी-295 सैन्य विमान, युद्धपोतों और आधुनिक रक्षा प्रणालियों का निर्माण देश की बढ़ती सामरिक क्षमता का प्रमाण है। भारत अब समुद्र से लेकर आकाश तक अपनी सुरक्षा जरूरतों को स्वदेशी तकनीक से पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में मेघालय की संस्कृति, मध्य प्रदेश के राजगढ़ की प्रेरक पहल, नागालैंड की उपलब्धियों, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और खेलों को बढ़ावा देने जैसे विषयों का उल्लेख कर देशवासियों को सकारात्मक सोच और जनभागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को समाज सेवा, नवाचार और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता मिली है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों परिवारों को लाभ पहुंचा है। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय पोलियो दिवस पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने पानीपत के सरकारी अस्पताल में बच्चों को पोलियो रोधी दवा भी पिलाई। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि भारत हमेशा पोलियो मुक्त बना रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित