हैदराबाद , जून 29 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की कामयाबियों को रेखांकित करते हुए सोमवार को कहा कि भारत एक मजबूत वैश्विक ताकत बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि आज देश में स्टार्टअप का बेहतरीन माहौल है, खेल की सुविधाएं बेहतर हुई हैं और 'विकसित भारत 2047' का एक साफ लक्ष्य हमारे सामने है।

श्री नवीन ने भाजपा युवा मोर्चा की ओर से घाटकेसर के विगनाना भारती इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंसेज (वीबीआईटीएस) में आयोजित 'विकसित भारत छात्र सम्मेलन' में कहा कि केंद्र सरकार की स्टार्टअप इंडिया, जन धन योजना, प्रत्यक्ष लाभ स्थानांतरण (डीबीटी), खेलो इंडिया और टॉप्स जैसी योजनाओं ने युवाओं को ताकत दी है, उन्हें खुद का काम शुरू करने के लिए बढ़ावा दिया है और खेलों को मजबूत किया है।

भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि भारत में अब करीब 2.5 लाख स्टार्टअप और 100 से ज्यादा यूनिकॉर्न हैं। इसकी वजह से देश के युवा अब नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि दूसरों को नौकरी देने वाले बन रहे हैं।

श्री नवीन ने दावा किया कि साल 2014 से पहले देश में जो अनिश्चितता का माहौल था, उससे बाहर निकलकर भारत अब श्री मोदी के नेतृत्व में पूरे भरोसे और मजबूत फैसले लेने वाले दौर में पहुंच गया है। आज दुनिया भर में भारत का सम्मान काफी बढ़ा है और पूरी दुनिया भारत के नेतृत्व तथा उसकी सांस्कृतिक विरासत का लोहा मान रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने युवाओं में नया भरोसा जगाने और साल 2047 तक देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में सबको साथ जोड़ने का श्रेय भी मोदी सरकार को दिया।

श्री नवीन ने तेलंगाना का जिक्र करते हुए यहां की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं से किये वादे पूरे करने में नाकाम रही है, खासकर शुल्क वापसी के मामले में। उन्होंने कहा कि जब तक शुल्क वापसी का बकाया पैसा जारी नहीं हो जाता, भाजपा अपनी लड़ाई जारी रखेगी। सरकार की ढिलाई की वजह से छात्रों, माता-पिता और शिक्षण संस्थानों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित