पटना , अक्टूबर 12 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान बिहार के विकास को विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व गति मिली है और केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण, सड़क, रेल, हवाई संपर्क और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार केंद्र के साथ मिलकर राज्य को निवेश, रोजगार, उद्यमिता, नवाचार और सुशासन का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

श्री चौधरी ने आज मुख्य सचिवालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार मंत्रिपरिषद की ओर से पारित प्रस्तावों और राज्य के विकास में केंद्र सरकार के योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ श्री मोदी की शासन और जनसेवा की यात्रा का एक नया अध्याय शुरू हुआ था। इसके बाद 26 मई 2014 को उन्होंने देश के प्रधानमंत्री का दायित्व संभाला। लगातार 25 वर्षों तक सरकार के प्रमुख के रूप में जनसेवा करना एक असाधारण उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मोदी का सार्वजनिक जीवन जनभागीदारी, लोकतांत्रिक विश्वास और निरंतर जनसेवा का उदाहरण है। उनकी इस यात्रा में गरीब कल्याण, वंचितों का उत्थान, किसानों का सशक्तीकरण, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार, राष्ट्रीय सुरक्षा और आधारभूत संरचना के विकास को विशेष प्राथमिकता मिली है। उन्होंने कहा कि जनसेवा की यह यात्रा पद से आगे बढ़कर सेवा भावना और निस्वार्थ कर्म की निरंतरता को दर्शाती है।

श्री चौधरी ने बताया कि बिहार मंत्रिपरिषद ने सर्वसम्मति से तीन प्रस्ताव पारित किए हैं। पहले प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर बिहार मंत्रिपरिषद और राज्य की जनता की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं। दूसरे प्रस्ताव में पिछले 12 वर्षों के दौरान बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न क्षेत्रों में मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री और भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। तीसरे प्रस्ताव में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बिहार को विकसित भारत-2047 के निर्माण में अग्रणी भागीदार बनाने तथा निवेश, रोजगार, उद्यमिता, नवाचार और सुशासन का प्रमुख केंद्र बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से बिहार में गरीबों और वंचितों को सामाजिक सुरक्षा मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 55 लाख और शहरी क्षेत्रों में करीब 1.98 लाख आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बिहार में 8.57 करोड़ से अधिक जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से गरीब और वंचित परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने में मदद मिली है। प्रधानमंत्री ने सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित