उदयपुर , जून 12 -- राजस्थान के राजस्व एवं उपनिवेशन मंत्री हेमंत मीणा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित किये हैं।

श्री मीणा शुक्रवार को यहां श्री मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी '12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के' का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुये यह बात कही।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी प्रयास किया गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। श्री मीणा ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसी प्रदर्शनी आमजन को सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं से रूबरू कराने का प्रभावी माध्यम हैं।

इस अवसर पर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित