जयपुर , मई 09 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां ने कहा है कि ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा सरकार की योजनाओं पर अटूट विश्वास जताया हैं।

डॉ पूनियां ने राजस्थान सरकार संचालित 'ग्राम विकास रथ अभियान' के तहत सात से नौ मई तक बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू जिलों के ग्रामीण अंचलों के प्रवास के दौरान किसानों, युवाओं एवं मातृशक्ति से संवाद करने के बाद शनिवार को यह बात कही। उन्होंने इस दौरान मोदी सरकार एवं राज्य की भजनलाल सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

डॉ. पूनियां निरंतर तीन दिन तक चार जिलों में सुबह से लेकर देर रात गांव-गांव पहुंचकर ग्राम विकास चौपालों में ग्रामीणों के साथ रहे जहां उन्होंने ग्राम विकास चौपाल एवं ग्राम विकास रात्रि चौपाल कार्यक्रमों में प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के गांवों में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की धरातल की जानकारी लेने के साथ-साथ समस्या समाधान के लिये ग्रामीणजनों से सुझाव भी लिये।

उन्होंने बीकानेर के खाजूवाला, श्रीगंगानगर के चूनावढ, बनवाली-सादुलशहर, 18 जीजी गोविंदपुरान, हनुमानगढ़ के संगरिया क्षेत्र में शेरेकां, मैनावाली, सुजानगढ़ (चूरू) के लुहारा गांव में ग्रामवासियों से मुलाकात एवं संवाद कर केन्द्र की मोदी सरकार व प्रदेश की भाजपा सरकार की जनहितकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात की, साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को सुना, उनके समाधान का प्रयास किया और राज्य सरकार तक भी उन सुझावों को पहुंचाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि ग्राम विकास अभियान राजस्थान के गांवों-ढाणियों को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। केन्द्र की मोदी सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को ग्रामीणों के समक्ष विस्तार से रखा।

डॉ पूनियां ने कहा कि श्री मोदी के मार्गदर्शन एवं मजबूत नेतृत्व में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान की भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान और युवा वर्ग के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि 'ग्राम रथ अभियान' केवल योजनाओं का प्रचार नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का सेतु है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और कोई भी वंचित न रहे। उन्होंने श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास कार्यों को नई गति दे रही है। उन्होंने मोदी सरकार द्वारा किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

डॉ. पूनियां ने कहा कि ग्राम विकास चौपाल अभियान के माध्यम से आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और गांवों की हर आवाज को राज्य सरकार तक पहुँचाने के लक्ष्य के साथ यह अभियान प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों तक संचालित किया गया, जिससे ग्रामीण जागरूक बनें और गांव विकसित होकर बुनियादी सुविधाओं के साथ मुख्यधारा में शामिल हों।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित