जयपुर , सितंबर 14 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक कार्यों पर जनता की मोहर बताते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प को जनता ने स्वीकार किया है।

श्री शर्मा सोमवार को नगरीय चुनावों में भाजपा के पक्ष में आए परिणामों पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पिछले ढाई वर्षों से अधिक के कार्यकाल में जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, उस पर राजस्थान की जनता ने नगरीय चुनावों में भाजपा को भारी समर्थन देकर मोहर लगाई है।

उन्होंने इस जीत को कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हुए कहा कि उनके परिश्रम की बदौलत ऐतिहासिक विजय हासिल हुई है। इन चुनावों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं ने प्रधानमंत्री और उनके विजन पर फिर से भरोसा जताया है। आज राजस्थान के साथ-साथ पूरे देश का युवा उनके साथ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक योजनाओं को धरातल पर उतारा है। हमारे जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच जाकर महिला, युवा और गरीब कल्याण के लिए कार्य किया है। इसी का परिणाम है कि जनता ने हमारी सरकार पर विश्वास जताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादों को पूरा किया है। हमने निकाय विकास संकल्प पत्र में जो वादे किए है उसे भी पूरा करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि निकाय चुनावों के बाद आगामी पंचायत चुनावों में भी भाजपा को बड़ी जीत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित