बिलासपुर , सितंबर 17 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रक्तदान से लेकर दीपोत्सव तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्व. दिलीप सिंह जूदेव मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में प्रधानमंत्री मोदी के वजन के बराबर करीब 80 लीटर रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है, जबकि शाम को पुलिस परेड ग्राउंड में एक लाख 25 हजार दीप जलाए जाएंगे।
बेलतरा से भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में स्व. दिलीप सिंह जूदेव मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 267 लोगों से 300-300 मिलीलीटर रक्त एकत्र करने का लक्ष्य है। शुक्ला ने भी शिविर में रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के जन्मदिन और सेवा संकल्प अभियान के तहत किया जा रहा यह रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए भेंट होगा। शिविर में बड़ी संख्या में लोग रक्तदान कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के साथ गांवों और सरकारी भवनों को दीपों से रोशन करने की योजना है।
रतनपुर और मल्हार में 11-11 हजार तथा बेलपान और ताला में 1100-1100 दीप जलाए जाएंगे। जिले की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक घर में दीप जलाने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जिले के प्रत्येक गांव में 100 से अधिक 'आशीर्वाद के दीये' जलाए जाएंगे।
बिल्हा जनपद की बैमा, कोरबी, लिमतरी, भटगांव, परसदा भ., सरवनदेवरी, उच्चभट्ठी, धमनी, अकलतरी और देवकिरारी पंचायतों को अभियान में शामिल किया गया है।
कोटा जनपद में नवागांव सल्का, अमाली, नगोई, खोंगसरा, बेलगहना, बानाबेल, पटैता, खैरझिट्टी, खरगहनी, मोहदा, बरद्वार और अमने पंचायतों में हर घर में दीप जलाने की योजना है।
इसी तरह मस्तुरी जनपद की दर्रीघाट, सीपत, परसदावेद, बेलटुकरी, बिटकुला, खम्हरिया, गतौरा, पंधी, जोंधरा और गोपालपुर तथा तखतपुर की लोखंडी, बोड़सरा, बिनौरी, खपरी, घुटकू, अमसेना, खरकेना, कोड़ापुरी, विजयपुर, गनियारी, छतौना और खजुरीनवागांव पंचायतों के शत-प्रतिशत घरों में दीप जलाए जाएंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार शाम सात बजे जिले के सभी शासकीय भवनों, स्कूलों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाने की तैयारी है। महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य कार्यक्रम में सहयोग करेंगी।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में यहां एक लाख 25 हजार दीप जलाए जाएंगे।
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के 200 पात्र हितग्राहियों को मकान की चाबियां सौंपी जाएंगी। पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण और आयुष्मान कार्ड का लाभ भी प्रतीकात्मक रूप से वितरित किया जाएगा।
इस बीच कांग्रेस नेता एवं शहर के पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने सरकारी आयोजन में स्कूली बच्चों को शामिल किए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचना चाहिए। हजारों की संख्या में स्कूली बच्चों को बुलाया जा रहा है और बड़ी संख्या में दीये जलाए जाएंगे। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित