वाराणसी , सितंबर 16 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर को देशभर में प्रत्येक बूथ पर 200 'आशीर्वाद का दीया' जलाने का अभियान चलाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने सोमवार को सर्किट हाउस में भाजपा और प्रशासन की समन्वय बैठक को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 'सेवा संकल्प अभियान' 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान का संदेश है, 'जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा।'श्री खन्ना ने कहा कि 17 सितंबर की शाम पूरे प्रदेश में एक साथ प्रत्येक बूथ पर 200 दीप जलाए जाएंगे। यह केवल दीप जलाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यों एवं संकल्प के प्रति जनता द्वारा आभार और आशीर्वाद व्यक्त करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि 'आशीर्वाद का दीया' जलाने का कार्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थी और काशीवासी स्वयं करेंगे।
सांसद एवं कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की कर्मभूमि काशी से उनकी जन्मभूमि वडनगर तक की 22 दिवसीय भव्य बाइक यात्रा का शुभारंभ 17 सितंबर को काशी में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ना है। इसके तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, लाभार्थियों से संवाद और जनचौपाल सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्री शर्मा ने कहा कि यात्रा के माध्यम से काशी की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को गुजरात के वडनगर से जोड़ने तथा देश की विभिन्न नदियों, तीर्थ परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने कहा कि बाइक यात्रा के शुभारंभ से पूर्व काशी स्थित ज्योतिर्लिंग श्री काशी विश्वनाथ का प्रमुख नदियों के पवित्र जल से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ वाराणसी से वडनगर तक की 22 दिवसीय बाइक यात्रा प्रारंभ होगी।
उन्होंने बताया कि इस विशेष यात्रा के लिए प्रमुख नदियों एवं पवित्र संगमों-गंगा, यमुना, आमी, राप्ती, नर्मदा, गोमती, बेतवा, अलकनंदा, कुआनो, वरुणा और सरयू सहित विभिन्न संगमों का पवित्र जल एकत्रित किया गया है।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान में शामिल होने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री चौरसिया ने कहा कि सेवा संकल्प बाइक यात्रा देश की सांस्कृतिक एकता, श्रद्धा और राष्ट्रीय भावना का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी। काशी से वडनगर तक की यह 22 दिवसीय यात्रा श्रद्धा, संस्कृति और संकल्प की विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा के रूप में संपन्न होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित