चित्रकूट , सितंबर 17 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चित्रकूट में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को सहायक उपकरणों के वितरण के लिये आयोजित शिविर के माध्यम से किया गया। शिविर का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा एलिम्को के तत्वावधान एवं इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के सीएसआर सहयोग से महिला अस्पताल में किया गया। शिविर में पूर्व से चिन्हित 237 लाभार्थियों को 1066 विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, छड़ी, ट्राईसाइकिल, हियरिंग एड सहित अन्य सहायक उपकरण शामिल हैं। वितरित उपकरणों का कुल मूल्य लगभग 39 लाख 36 हजार रुपये है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सफल बनाने के लिए उनके 25 साल के निरंतर सेवा काल के लिए सभी से अपील की। कार्यक्रम में मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा, पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, समाजसेवी आशीष सिंह रघुवंशी, मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रजनीश पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित