नयी दिल्ली , सितंबर 17 -- नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए पर्याप्त एवं किफायती छात्रावास, पेपर लीक पर रोक और सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में जवाबदेही की मांग को लेकर ताली-थाली मार्च निकाला।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में प्रदर्शन 5 रायसीना रोड स्थित संगठन मुख्यालय से शुरू हुआ। मुख्यालय के बाहर करीब 100 पुलिसकर्मी तैनात किये गये थे। बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर की ओर बढ़ने से रोक दिया गया।

श्री जाखड़ ने कहा कि छात्रों को महंगे किराए के संकट से राहत देने के लिए पर्याप्त छात्रावास उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने दिल्ली सरकार की 10,000 छात्रों के लिए प्रस्तावित छात्रावास योजना पर तत्काल एसओपी जारी करने, समयबद्ध निर्माण, पारदर्शी आवंटन और निगरानी की मांग की।

उन्होंने सत्य निकेतन हादसे की पारदर्शी जांच और लापरवाही के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित