चंडीगढ़ , सितंबर 07 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी।
अभियान के समापन पर सूरजकुंड में 'जनसेवक महाकुंभ' आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि विकसित भारत का संकल्प लेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सोमवार को चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जाएगा। 10 सितंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उनके मंत्रिमंडल और प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें अभियान की तैयारियों, कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम से अभियान की शुरुआत होगी। बूथ स्तर पर कार्यकर्ता परिवारों और लाभार्थियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। इसके अलावा रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
एक महीने तक चलने वाले अभियान में 'सेवा स्मरण', 'आंगन का मिलन', 'कहानी बदलाव की', 'वड़नगर से वाराणसी', 'सेवा ज्योति यात्रा', '25 साल-25 कहानी', 'सेवा मेरा योगदान', 'सेवा सेतु', 'सेवा रंग', हैकाथान एवं इनोवेशन सहित कई कार्यक्रम होंगे।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उन्हें विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का काम करेंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित