चंडीगढ़ , मई 26 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के लिए स्वर्णिम काल साबित हुए हैं। इस दौरान देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है, जनता का विश्वास मजबूत हुआ है और डिजिटल क्रांति के जरिए भारत ने विश्व मंच पर अलग पहचान बनायी है।

श्री विज ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में ग्यारहवें स्थान से उठकर पांचवें स्थान पर पहुंची है। यह देश की आर्थिक मजबूती और वैश्विक प्रभाव का प्रमाण है।

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत की वैश्विक छवि में ऐतिहासिक परिवर्तन आया है। पहले आतंकवादी घटनाओं पर केवल शोक और श्रद्धांजलि तक प्रतिक्रियाएं सीमित रहती थीं, लेकिन अब भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक और कठोर कार्रवाई करने वाला राष्ट्र बन चुका है।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के विरुद्ध सख्त नीति अपनाई है। आज भारत मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। सर्जिकल स्ट्राइक और 'ऑपरेशन सिंदूर' जैसे अभियानों से आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट कर देश की सुरक्षा और सम्मान को नयी मजबूती मिली है।

श्री विज ने कहा कि भारत के राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न में अंकित तीन शेर शक्ति, साहस और आत्मविश्वास के प्रतीक हैं। श्री मोदी ने इन्हीं मूल्यों के अनुरूप देश को विश्व मंच पर मजबूती से खड़ा किया है। आज भारत आत्मनिर्भरता, विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा में नयी ऊंचाइयों को छू रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित