जयपुर , अगस्त 17 -- भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में जयपुर जिले की मुंडिया ग्राम पंचायत के दुर्गा का बास गांव में सोमवार को 'अटल स्मृति वन' का शुभारंभ किया गया।
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद डॉ. सतीश पूनियाँ, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह, जयपुर जिला प्रमुख रमा चौपड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर जयपुर के दुर्गा का बास गांव में 11 हजार पौधारोपण किया गया। डॉ पूनियां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से इस अनूठी पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा भावी पीढ़ियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी की प्रेरणा से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से देशभर में पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि भारत रत्न वाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन, संवेदनशीलता और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणास्रोत रहा है, वह एक युगपुरुष और विकास पुरुष थे। उनके नाम पर बनाया गया यह 'अटल स्मृति वन' आने वाली पीढ़ियों के लिए उनकी स्मृतियों और विचारों को जीवंत रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देगा, पौधारोपण अभियान को केंद्र की मोदी सरकार एक बड़े मिशन के रूप में राजस्थान से लेकर देशभर में प्रतिबद्धता से करने में जुटी है, जिसमें माता बहन, युवा बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, जो बड़ा सकारात्मक संदेश हैlउन्होंने कहा कि 11 हजार पौधे लगाने का सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ, हरी भरी भूमि और हरा-भरा पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है, जो हम सबके लिए अनुकरणीय हैl अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और उनके राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित