भिण्ड , सितंबर 14 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देने पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता घनश्याम पिरोनिया से जब प्रधानमंत्री की उम्र पूछी गई तो वह जवाब नहीं दे सके। सवाल टालने के बाद बार-बार पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ''74 होगी या 75, 76।'' इसके बाद श्री पिरोनिया ने कहा, ''उम्र से क्या लेना-देना है, हम सब सेवा संकल्प माह मनाएंगे।''भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इसकी जानकारी देने के लिए भिण्ड सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। श्री पिरोनिया ने बताया कि प्रदेश के 71,930 मतदान केंद्रों सहित भिण्ड जिले के सभी बूथों पर 17 सितंबर की शाम सात बजे आशीर्वाद दीप जलाए जाएंगे। प्रधानमंत्री के यशस्वी जीवन और दीर्घायु की कामना की जाएगी। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं और आम लोगों को जोड़ने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

श्री पिरोनिया ने कहा कि अभियान के दौरान लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल से तुलना करते हुए दावा किया कि जो काम 70 साल में नहीं हो सके, वे मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए हैं।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद चंबल में डकैत जैसी समस्या का समाधान हुआ। बिजली और पानी की समस्याओं में सुधार आया, आतंकवाद पर शिकंजा कसा गया और राम मंदिर का निर्माण हुआ। उन्होंने कश्मीर समस्या के समाधान का भी दावा किया।

प्रेसवार्ता में भिण्ड के ग्वालियर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग-719 के चौड़ीकरण का मुद्दा भी उठा। पत्रकारों ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आशीर्वाद दीप जलाए जा रहे हैं, लेकिन भिण्ड में राष्ट्रीय राजमार्ग-719 का चौड़ीकरण नहीं हो पा रहा है। इस मार्ग पर हर साल सैकड़ों लोगों की मौत होने और कई परिवारों के अपने बुजुर्गों को खोने की बात भी कही गई।

इस पर श्री पिरोनिया ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है और पत्रकारों द्वारा बताए जाने के बाद इस मुद्दे को उचित मंच पर रखा जाएगा। प्रेसवार्ता में प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री ओपीएस भदौरिया और भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित