तिरुवनंतपुरम , जनवरी 14 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 23 जनवरी को तिरुवनंतपुरम का दौरा करने का अनुमान है, जहां वे केरल की राजधानी के लिए एक व्यापक विकास योजना की घोषणा कर सकते हैं।
हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों एवं केरल विधानसभा चुनावों से पहले होने वाले प्रधानमंत्री के इस दौरे को प्रशासनिक एवं राजनीतिक दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम शहर के रूपांतरण एवं विकास के लिए एक विस्तृत रोडमैप का अनावरण कर सकते हैं, जिसमें अवसंरचना, शहरी नियोजन एवं नागरिक सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इस घोषणाओं में उन दीर्घकालिक परियोजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है जिनका उद्देश्य राजधानी को एक प्रमुख विकास केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
यह दौरा तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की हालिया चुनावी सफलता के बाद हो रहा है जिसे पार्टी ने केरल के राजनीतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मोड़ कहा है।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही संकेत दिया था कि स्थानीय निकाय चुनावों में जीत के तुरंत बाद प्रधानमंत्री व्यक्तिगत रूप से शहर का दौरा करेंगे और महत्वपूर्ण विकास पहलों की घोषणा करेंगे।
इस दौरे के अवसर पर शहर में एक बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित होने की संभावना है जहां प्रधानमंत्री जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों, राज्य भाजपा नेताओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि 2026 के केरल विधानसभा चुनावों के संदर्भ में इस दौरे का महत्व और भी बढ़ जाता है, क्योंकि भाजपा सुशासन-केंद्रित संदेशों को राजनीतिक पहुंच के साथ जोड़ कर राज्य में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के प्रयासों को तेज कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित