‎पटना , अप्रैल 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम 'मन की बात' के प्रेरक प्रसंगों को सुनने के बाद कहा कि श्री मोदी का यह जनसंवाद देशवासियों में कर्तव्यबोध, राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच को सशक्त बनता है।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज बांकीपुर विधानसभा के गोलघर मंडल अंतर्गत बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सभागार में आम जनों के साथ प्रधानमंत्री मोदी के जनसंवाद कार्यक्रम 'मन की बात' को सुना। इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद थे।

‎श्री सरावगी ने कहा कि राष्ट्र और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरणा देने वाला पीएम मोदी का कार्यक्रम "मन की बात' प्रत्येक देशवासी को नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने की दिशा दिखाता है। यही कारण है कि इस प्रेरणादायक कार्यक्रम के श्रोताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।

‎‎बिहार भाजपा के अध्यक्ष कहा कि श्री मोदी ने आज अपने मन की बात में जहां गणित ओलंपियाड की चर्चा कर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया, वहीं नॉर्थ ईस्ट में बांस उद्योग की चर्चा कर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नए अवसर को रेखांकित कर उन्हें स्वावलंबी बनने के लिए यह मार्ग सुझाया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र अब रोजगार और नवाचार का बड़ा केंद्र बन गया है। इससे महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने और आय के नए अवसर मिल रहे हैं।

‎श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर-पूर्व को भारत की 'अष्टलक्ष्मी' बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र न सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है, बल्कि यहां अपार प्रतिभा और अवसर भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था, जब बांस को केवल एक साधारण संसाधन या बोझ की तरह देखा जाता था, लेकिन आज यही बांस लाखों लोगों की आजीविका और रोजगार का मजबूत आधार बन चुका है। खासकर उत्तर-पूर्व के राज्यों में बांस आधारित उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और इसमें नवाचार की बड़ी भूमिका है। उन्होंने इसके जरिए बांस बहुलता वाले इलाकों की महिलाओं के लिए बड़ा मंत्र दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित