नयी दिल्ली , मई 17 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के तीसरे चरण में रविवार को नीदरलैंड से स्वीडन के लिए रवाना हो गये।
श्री मोदी स्वीडन के गोथेनबर्ग में अपने दो दिन के प्रवास के दौरान वहां के नेताओं से दोनों देशों के संबंध के विस्तार के बारे में बातचीत करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच कुछ नये समझौते होने की उम्मीद है।
श्री मोदी यात्रा के पहले चरण में संयुक्त अरब अमीरात से नीदरलैंड पहुंचे थे। उन्होंने नीदरलैंड की दो दिन की महत्वपूर्ण यात्रा की समाप्ति पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ''मेरी नीदरलैंड यात्रा ने भारत-नीदरलैंड संबंधों को एक नई गति प्रदान की है। इस यात्रा में हमारे दोनों देशों के संबंधों को 'रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक ले जाने से लेकर जल संसाधन, सेमीकंडक्टर, नवाचार, रक्षा, स्थिरता और यातायात और परिवहन के क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने की एक महत्वाकांक्षी रूपरेखा तैयार की गयी है जो दोनों देशों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।''श्री मोदी ने कहा, ''मैं प्रधानमंत्री रॉब जेटन का उनके गर्मजोशी भरे आतिथ्य और मुझे विदा करने के लिए व्यक्तिगत रूप से हवाई अड्डे तक आने हेतु आभार व्यक्त करता हूँ। मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में भारत और नीदरलैंड के बीच मित्रता और भी अधिक सुदृढ़ होती जाएगी।''श्री मोदी स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के निमंत्रण पर आज से दो दिन (17-18 मई) स्वीडन के गोथेनबर्ग की आधिकारिक यात्रा पर हैं। श्री मोदी की 2018 के बाद स्वीडन की पहली यात्रा है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य व्यापार, नवाचार , कृत्रिम बुद्धिमत्ता ( एआई) और रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित