नयी दिल्ली , मई 27 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में प्रचंड गर्मी और लू के दौर को देखते हुए सभी देशवासियों से सावधानी बरतने और सभी मंत्रालयों से जनता को गर्मी और लू से बचाने के लिए हर संभव उपय करने का आह्वान किया है।

श्री मोदी ने मंत्रिमंडल की बुधवार को यहां हुई बैठक में सभी मंत्रियों का ध्यान देश में पड़ रही भीषण गर्मी की ओर दिलाया और उनसे लोगों को इससे राहत दिलाने के लिए अपने अपने स्तर पर उपाय करने को कहा। बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्चिनी वैष्णव ने बताया कि "प्रधानमंत्री ने मंत्रियों के साथ गर्मी और लू की स्थिति पर चर्चा की और उनसे मंत्रालय स्तर पर लोगों को राहत दिलाने के लिए कदम उठाने को कहा।"इससे पूर्व प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक के बाद एक कई पोस्ट में लोगों से लू और गर्मी से बचने के लिए पूरी सावधानी बरतने और अपने साथ साथ दूसरे लोगों का भी ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से पशु-पक्षियों के लिए भी घरों , दफ्तरों और दुकानों के बाहर बर्तन में पानी रखने की अपील की । उन्होंने कहा लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और अत्यधिक गर्मी की स्थिति में दूसरों को पानी देकर उनकी मदद करने का सुझाव दिया।

श्री मोदी ने कहा, "देश के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है और इसके साथ कई चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। यह गर्मी हम सभी के लिए कष्टदायी है और मैं आप सभी से यथासंभव सावधानी बरतने का आग्रह करता हूं। कृपया पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बाहर निकलते समय अपने साथ पानी जरूर रखें। दूसरों को भी पानी पिलाएं। ऐसे मौसम में ऐसी करुणा बहुत मायने रखती है।"प्रधानमंत्री ने चक्कर आना, मतली और अत्यधिक थकान के लक्षणों के प्रति लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि कोई व्यक्ति अस्वस्थ दिखाई दे, कमजोरी या सिरदर्द महसूस कर रहा हो तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार जगह पर ले जाकर पानी और ओआरएस उपलब्ध कराएं। श्री मोदी ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और बाहर धूप में काम करने वाले लोग भीषण गर्मी के दौरान विशेष रूप से प्रभावित होते हैं और चेतावनी संकेतों को नजरअंदाज़ करना हीटस्ट्रोक का कारण बन सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित