चंडीगढ़ , मई 16 -- हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय से संतृप्ति का मॉडल सिर्फ योजनाएं बनाने का नहीं, बल्कि पात्र व्यक्ति तक शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने का अभियान है।
श्री शर्मा शुक्रवार को रोहतक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन सत्र में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचार को शासन का केंद्र बनाया है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के कारण ही देश और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार को जनता का भरोसा मिला है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय भारतीय चिंतन की मूल भावना है। एकात्म मानववाद से निकला यह विचार केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं, बल्कि व्यक्ति के सम्मान, आत्मनिर्भरता और समान अवसरों का मार्ग खोलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब, किसान, महिला, युवा, मजदूर या वंचित व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुनिश्चित कर रहे हैं कि योजनाएं जनकल्याण और सशक्तिकरण का माध्यम बनें। सरकार हर नागरिक को जिम्मेदार और भागीदार नागरिक बनाने के मूल मंत्र पर काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित