नयी दिल्ली , अक्टूबर 14 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लद्दाख में करीब 3,350 करोड़ रुपये की पांच विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इन परियोजनाओं से हवाई और सड़क संपर्क मजबूत होगा, बिजली आपूर्ति में सुधार होगा, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण होगा और जल सुरक्षा बढ़ेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को बताया कि श्री मोदी लेह के कुशोक बकुला रिम्पोची हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से बने नए यात्री टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। कुल 23,800 वर्ग मीटर में फैले इस टर्मिनल से हर साल 35 लाख यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी। इसमें ऊर्जा की बचत और कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए भूतापीय ऊर्जा का इस्तेमाल किया गया है। टर्मिनल में आधुनिक सुविधाओं के साथ लद्दाख की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखाई देगी।
प्रधानमंत्री सीमा सड़क संगठन द्वारा बनाई गई 298 किलोमीटर लंबी निमू-पदुम-दारचा सड़क भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह सड़क जांस्कर घाटी से होकर लेह को हिमाचल प्रदेश के दारचा से जोड़ेगी। इससे लद्दाख को एक वैकल्पिक संपर्क मार्ग मिलेगा और श्रीनगर-लेह तथा मनाली-लेह राजमार्गों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। सड़क से सशस्त्र बलों की आवाजाही और रसद पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही, जांस्कर के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, बाजार और जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होगी।
ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नौ मेगावाट की हनु लघु जलविद्युत परियोजना और 66 किलोवाट की दाह-हनु-खालत्सी दोहरी सर्किट बिजली लाइन का उद्घाटन करेंगे। इनसे बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और क्षेत्र में बिजली की उपलब्धता अधिक भरोसेमंद बनेगी।
प्रधानमंत्री लेह के सिंधु घाट में भारत के पहले शैलचित्र संरक्षण पार्क का भी उद्घाटन करेंगे। लद्दाख में मौजूद प्राचीन शैलचित्रों में वन्यजीवों, मानव आकृतियों और प्रतीकों के चित्र हैं, जो हजारों साल पुराने मानव इतिहास की जानकारी देते हैं। यह पार्क इन पुरातात्विक धरोहरों को सुरक्षित रखने, लोगों में जागरूकता बढ़ाने और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित